हिन्दी रत्न 2018 – श्री अरविन्द कुमार

सन 2018 का ‘हिन्दी रत्न’ सम्मान हिन्दी समांतर कोश के रचयिता एवं सुप्रसिद्ध हिन्दी पत्रकार श्री अरविन्द कुमार को उनकी दीर्घकालीन हिन्दी सेवा के लिए प्रदान किया गया।

श्री अरविन्द कुमार ने ‘हिन्दीरत्न’ से सम्मानित करने पर हिन्दी भवन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने हिन्दी के इतिहास की महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए कहा कि हिन्दी का भविष्य उज्ज्वल है। श्री बालस्वरूप राही ने अरविन्द कुमारजी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जमीन से आसमान तक पहुंचने वाले अरविन्दजी मेरे लड़कपन के साथी हैं। उन्होंने अरविन्दजी से सम्बन्धित अपने अनेकों संस्मरण सुनाए।

अंत में वरिष्ठ व्यंग्यकार एवं हिन्दी भवन के मंत्री डॉ. गोविन्द व्यास ने सभी आगंतुकों का धन्यवाद किया। इस अवसर पर सुप्रसिद्ध गीतकार श्री गोपालदास नीरज के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। मंच का कुशल संचालन श्रीमती सरला माहेश्वरी ने किया।

समारोह में दिल्ली के अनेक साहित्यकार, पत्रकार आदि साहित्य प्रेमियों की बड़ी संख्या में गरिमामयी उपस्थिति रही।